गाजीपुर
जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा
बहरियाबाद समेत दर्जनों गांवों में चिंता
नालियों और पोखरों में जमा गंदा पानी बना मच्छरों व रोगाणुओं के पनपने का केंद्र, ग्रामीणों ने सफाई व बचाव की मांग की
बहरियाबाद (गाजीपुर)। लगातार तेज बारिश के बाद बहरियाबाद कस्बे सहित आसपास के दर्जनों गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जगह-जगह नालियों और पोखरों में गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इससे ग्रामीणों में चिंता है और लोग जलभराव से जल्द निजात की मांग कर रहे हैं।
बघांव, रायपुर, वेवदा, रानीपुर, रुकनपुर दरगाह, मलिकनगांव, भरतपुर, कबीरपुर, नादेपुर, हुसैनपुर लारपुर, बबुरा और चक फरीद सहित कई गांवों में जलभराव की स्थिति बताई जा रही है। लंबे समय से रुके पानी में मच्छरों के पनपने के साथ ही बैक्टीरिया और अन्य रोगाणुओं के फैलने की आशंका बनी हुई है। इससे डेंगू, मलेरिया और चिकुनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। दूषित पानी के कारण हैजा, टाइफाइड, डायरिया और हेपेटाइटिस-ए व ई जैसी बीमारियां भी फैल सकती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव वाले स्थानों पर साफ-सफाई और मच्छररोधी उपाय तत्काल कराए जाने चाहिए। वहीं, लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
- घर के आसपास, छत, गमले और पुराने टायरों में पानी जमा न होने दें।
- रुके हुए पानी में मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने के उपाय करें।
- पीने के लिए केवल उबला या फिल्टर किया हुआ पानी इस्तेमाल करें।
- गंदे या दूषित पानी के संपर्क में आने से बचें।
- ताजा और ढका हुआ भोजन ही खाएं तथा खुले में रखी खाद्य सामग्री खरीदने से बचें।
- जलभराव वाले इलाकों में मच्छरों से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें।
