गाजीपुर
सिधौना में तेज हुआ जल जीवन मिशन का काम
जल शक्ति मंत्री के निर्देश के बाद पाइपलाइन विस्तार और घर-घर जल कनेक्शन देने में आई तेजी
सिधौना (गाजीपुर)। ग्राम पंचायत सिधौना में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन विस्तार और ‘हर घर नल से जल’ योजना का कार्य तेज गति से चल रहा है। जल शक्ति मंत्री के निर्देश के बाद विभागीय टीम गांव के विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने और नए घरेलू जल कनेक्शन उपलब्ध कराने में जुटी है। तेजी से हो रहे कार्य को लेकर ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल है।
शिकायत के बाद अधिकारियों ने किया निरीक्षण
ग्रामीण उपेंद्र मिश्र ‘पप्पू’ ने पाइपलाइन कार्य में आ रही समस्याओं और ग्रामीणों की मांगों को लेकर जल शक्ति मंत्री को ई-मेल के माध्यम से अवगत कराया था। इसके बाद मंत्री कार्यालय के निर्देश पर जलकल विभाग के सहायक अभियंता शशिपाल यादव ने गांव का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद कार्यदायी संस्था ने पाइपलाइन विस्तार का काम तेज कर दिया।
हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा जल कनेक्शन
कार्यदायी संस्था अब उन इलाकों में भी पाइपलाइन बिछा रही है, जहां पहले जलापूर्ति की सुविधा नहीं थी। साथ ही पात्र परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकार की योजना के तहत गांव का कोई भी पात्र परिवार पेयजल सुविधा से वंचित नहीं रहेगा। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क, खड़ंजा या इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा होने के बाद पुनः मरम्मत कर पूर्ववत कराया जाएगा।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
कार्यदायी संस्था के ठेकेदार निखिल सिंह और सुपरवाइजर अवधेश सिंह ने ग्रामीणों से अपील की है कि जिन परिवारों ने अभी तक जल कनेक्शन नहीं लिया है, वे विभाग को तत्काल जानकारी दें ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों के सहयोग से कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शेष मोहल्लों में भी जल्द पाइपलाइन और जल कनेक्शन का कार्य पूरा कर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
