गोरखपुर
गांव से शहर तक सक्रिय रहें बीट पुलिसकर्मी, संदिग्ध गतिविधियों पर रखें नजर : डीआईजी
गोरखपुर। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में बुधवार को डीआईजी रेंज एस. चनप्पा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव से लेकर शहर तक बीट पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और देर रात तक सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
डीआईजी ने कहा कि बीट पुलिसिंग पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। बीट पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति, प्रमुख स्थानों, संवेदनशील इलाकों और अपराध की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी रखें। स्थानीय लोगों से लगातार संवाद स्थापित कर छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लिया जाए, ताकि संभावित घटनाओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने गांव, मोहल्ले, बाजार और शहर के प्रमुख स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से देर रात होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों को देने को कहा। नए किरायेदारों और क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
डीआईजी ने थाना प्रभारियों को बीट पुलिसिंग की नियमित समीक्षा करने और बीट पुलिसकर्मियों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विवाद की आशंका वाले मामलों की जानकारी पहले से जुटाकर समय रहते कार्रवाई करने को भी कहा गया।
अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों, वारंटियों और गंभीर अपराधों की स्थिति की जानकारी ली गई। पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण, महिला अपराध, साइबर अपराध और जनशिकायतों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र और एसपी अपराध सुधीर जायसवाल का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।
