गाजीपुर
कुश्ती कोच राम आशीष यादव ने हासिल किया ‘एक्सीलेंट’ ग्रेड
उत्तर प्रदेश और गाजीपुर के लिए गौरव का क्षण
गाजीपुर/बहरियाबाद। नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग एवं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कुश्ती स्तर-1 पाठ्यक्रम का परिणाम घोषित हुआ। देशभर से करीब 100 प्रशिक्षुओं ने इसमें हिस्सा लिया, जिसमें 12 प्रशिक्षुओं ने ‘एक्सीलेंट’ ग्रेड हासिल किया।
राम आशीष यादव ने बढ़ाया जिले का मान
उत्तर प्रदेश से प्रतिभाग करने वाले प्रशिक्षुओं में रामकरन इंटर कॉलेज ईशोपुर रामपुर, गाजीपुर के खेल शिक्षक एवं कुश्ती कोच राम आशीष यादव ने ‘एक्सीलेंट कम्पीटेंसी लेवल’ प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण एक से 20 जून तक अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था।
2019 से विद्यालयी कुश्ती टीम के कोच
राम आशीष यादव वर्ष 2019 से उत्तर प्रदेश राज्य विद्यालयी कुश्ती टीम के कोच एवं चयनकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। वह पांच बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं और जिले में कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में विद्यार्थियों को नियमित प्रशिक्षण देते हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी
राम आशीष यादव ने 2025 में मेरठ में आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में तकनीकी निदेशक और 2026 में बलिया में आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में तकनीकी निदेशक की भूमिका निभाई। इसके अलावा वह करीब दो दर्जन से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी एवं कोच की भूमिका निभा चुके हैं।
खेल जगत के लोगों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ अध्यक्ष करण भूषण सिंह, महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय, संयुक्त सचिव चंद्र विजय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद यादव सहित खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा विद्यालय परिवार ने राम आशीष यादव को बधाई दी।
