गाजीपुर
संपर्क मार्गों की बदहाली से ग्रामीण बेहाल
कीचड़, जलभराव और गड्ढों से आवागमन बाधित, स्कूली बच्चों व मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
भांवरकोल (गाजीपुर)। लगातार बारिश के बाद भांवरकोल क्षेत्र के कई संपर्क मार्गों की हालत अत्यंत खराब हो गई है। जगह-जगह जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार होने से बच रहे हैं।
इन मार्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब
ग्रामीणों के अनुसार कोटवा नारायणपुर–लट्ठूडीह मुख्य मार्ग से जुड़े संपर्क मार्ग, कनुवान–धनेठा, जगदीशपुर खास, सियाड़ी, चरखा, अवथहीं–सुखडेहरी कला तथा बसनियां–रेवसड़ा संपर्क मार्ग सबसे अधिक जर्जर हैं। गड्ढों में भरे पानी के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
स्कूली बच्चों और मरीजों पर सबसे अधिक असर
इन संपर्क मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल आते-जाते हैं, जिन्हें कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतें आती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार खराब रास्तों के कारण एंबुलेंस भी गांव तक समय पर नहीं पहुंच पाती। सड़क की बदहाली का असर सामाजिक जीवन पर भी पड़ रहा है और कई लोग खराब रास्तों के कारण यहां वैवाहिक रिश्ते करने से भी हिचक रहे हैं।
मरम्मत और जलनिकासी की उठी मांग
ग्रामीण ओमप्रकाश पांडेय, नीरज राय, विजय शंकर राय, बब्बन पांडेय, विवेक तिवारी, कमलेश कुमार राय, सुधीर राय, रवीन्द्र यादव, बद्रीनाथ ओझा, संतोष कुमार दुबे और महातिम सिंह यादव सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलभराव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
