गाजीपुर
सावन के तीसरे सोमवार पर बलुआ घाट में कांवरियों के लिए विशाल भंडारा आयोजित
मां गंगा उत्तर वाहिनी सेवा समिति ने सेवा भाव से कराया आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जमानियां (गाजीपुर)। पवित्र सावन माह के तीसरे सोमवार के अवसर पर नगर के कस्बा स्थित बलुआ घाट पर कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए रविवार की शाम विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मां गंगा उत्तर वाहिनी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांवरियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता एवं संतोष निगम ने मां गंगा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने अपने हाथों से कांवरियों को भोजन एवं प्रसाद वितरित कर भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा घाट परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
भंडारे में शामिल कांवरियों ने गंगा जल लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर प्रस्थान किया। सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कांवरियों की सेवा की।
आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष कमल चन्द्र बाबा जी के नेतृत्व में घनश्याम जायसवाल, सुभाष चौरसिया, दिलीप वर्मा, विवेकानंद वर्मा, सुनील प्रजापति, सागर वर्मा, मनीष पटवा, जानी शर्मा, संतोष पाण्डेय, अनिल गुप्ता, जगदीश वर्मा, जितेन्द्र वर्मा, उद्धव पाण्डेय, बलबीर सिंह, सुनील गुप्ता, अभिषेक जायसवाल और अभिषेक गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
देर शाम तक चले इस भंडारे में सैकड़ों कांवरियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान सेवा, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
