गाजीपुर
सामुदायिक शौचालय से टुल्लू पंप चोरी, महिला केयरटेकर ने दर्ज कराई शिकायत
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जमसडा ग्राम में स्थित सामुदायिक शौचालय से अज्ञात चोरों द्वारा टुल्लू पंप मोटर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब चोर शौचालय की छत पर चढ़कर मोटर खोल ले गए और फरार हो गए।

ग्रामीणों को इस चोरी की भनक तक नहीं लगी। मामले की जानकारी तब हुई जब शौचालय की महिला केयरटेकर निशा देवी शुक्रवार सुबह करीब चार बजे शौचालय खोलने पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि पानी की सप्लाई के लिए लगा टुल्लू पंप मोटर गायब है।
घटना की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान को दी गई। इसके बाद निशा देवी अपने पति दिनेश राम के साथ दुल्लहपुर थाने पहुंचीं और अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक शौचालय में पानी की सुविधा बाधित होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
