गाजीपुर
सादात में मौसम का यू-टर्न: आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, जलभराव से जनजीवन प्रभावित
तेज हवाओं और झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
सादात (गाजीपुर) सादात क्षेत्र में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और झमाझम बारिश ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
बिजली की कड़क और बादलों की गड़गड़ाहट से सहमे लोग
दोपहर में अचानक आसमान काले बादलों से घिर गया। कुछ ही देर में धूल भरी तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस दौरान लगातार बिजली चमकने और बादलों की तेज गड़गड़ाहट से लोगों में भय का माहौल बन गया। एहतियातन लोग घरों और सुरक्षित स्थानों में दुबके रहे।
चोक नालियों ने खोली नगर की व्यवस्था की पोल
बारिश ने जहां मौसम को राहतभरा बनाया, वहीं नगर की जलनिकासी व्यवस्था की खामियों को भी उजागर कर दिया। कई स्थानों पर नालियां चोक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलजमाव से राहगीर और वाहन चालक हुए परेशान
सड़कों पर भरे पानी के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गईं। कई जगहों पर लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। अचानक शुरू हुई बारिश से बाजार में खरीदारी करने आए लोग दुकानों और शेडों के नीचे शरण लेते नजर आए। इसके चलते कुछ समय के लिए बाजार की गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।
जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने नगर की नालियों की नियमित सफाई और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष पहली बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
