भदोही
साइबर जागरूकता अभियान में 400 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
बीपीएमजी स्कूल सुरियावां में OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी
सुरियावां, भदोही (जयदेश)। साइबर जागरूकता माह के तहत भदोही पुलिस की साइबर सेल टीम ने बीपीएमजी स्कूल सुरियावां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 400 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।
OTP और UPI फ्रॉड से बचने की दी सलाह
प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने बताया कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, CVV और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान QR कोड स्कैन करने से भी बचने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान
छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश, नौकरी के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड और फर्जी कॉल-मैसेज के जरिए होने वाली ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया।
ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम में कांस्टेबल कन्हैया सिंह, आशेष, सौरव और सुरियावां साइबर हेल्प डेस्क टीम मौजूद रही।
भदोही पुलिस की अपील: साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता है। किसी भी अनजान व्यक्ति से OTP, UPI PIN, CVV या पासवर्ड साझा न करें।
