भदोही
सांड के हमले में 65 वर्षीय वृद्ध गंभीर घायल
भगाने पहुंचे थे, अचानक सांड ने किया हमला; निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
आवारा सांडों से ग्रामीणों में दहशत, पकड़वाने की मांग
गोपीगंज (भदोही)| कोतवाली क्षेत्र के गांधी गांव में रविवार शाम सांड के हमले से 65 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गांधी गांव निवासी गुलाब धर उपाध्याय (65) के मकान के पास बंधे मवेशियों के आसपास एक सांड घूम रहा था। सांड को वहां से भगाने के लिए गुलाब धर लाठी लेकर पहुंचे। इसी दौरान सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में गुलाब धर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तत्काल निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवारा सांडों को पकड़वाने और ग्रामीणों को इस तरह के हमलों से निजात दिलाने की मांग की है।
