Connect with us

बलिया

सरयू के कटान से गोपालनगर टाड़ी में तीन और मकान नदी में समाए

Published

on

Loading...
Loading...

15 दिनों में 27 घर हुए ध्वस्त, ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ बढ़ा आक्रोश

बैरिया (बलिया)। सुरेमनपुर क्षेत्र के गोपालनगर टाड़ी में सरयू नदी का कटान लगातार तबाही मचा रहा है। गुरुवार को नदी की तेज धारा में नंदजी यादव, रामजीत यादव और लालसाहब यादव के रिहायशी मकान भी देखते ही देखते समा गए। लगातार हो रहे कटान से पूरे दियारा क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।

Loading...

कई गांवों की जमीन भी कटान की जद में

गोपालनगर टाड़ी के अलावा वशिष्ठनगर, शिवाल मठिया, चाईछपरा, अधिसीझुवा, गुमानी के डेरा और बकुल्हा गांवों के सामने भी कटान तेज हो गया है। नदी की धारा किसानों की उपजाऊ जमीन को तेजी से निगल रही है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।

जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप, प्रशासन दे रहा सहायता

कटान से प्रभावित ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद जनप्रतिनिधि हाल जानने तक नहीं पहुंचे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 15 दिनों में 27 मकान नदी में समा चुके हैं। वहीं उपजिलाधिकारी शशिभूषण मिश्र ने बताया कि कटान पीड़ितों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है और मकान ध्वस्त होने के 24 घंटे के भीतर गृह अनुदान देने का प्रयास किया जा रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page