बलिया
सरयू का कहर: 24 घंटे में तीन और मकान नदी में समाए
सुरेमनपुर दियारांचल में कटान से 200 एकड़ फसल बर्बाद, दहशत में आशियाने तोड़ रहे ग्रामीण
बैरिया (बलिया)। सरयू नदी के भीषण कटान ने उत्तरी दियारांचल में तबाही मचा रखी है। गोपाल नगर टाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बीते 24 घंटे में तीन मकान नदी में समा गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक घरों पर कटान का खतरा मंडरा रहा है। लगातार बढ़ते खतरे के बीच ग्रामीण खुद अपने हाथों से आशियाने तोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं।
भृगु यादव, दारा यादव और राजबली यादव के मकान सरयू की धारा में विलीन हो चुके हैं। कटान की चपेट में करीब 200 एकड़ में लगी परवल की फसल और उपजाऊ कृषि भूमि भी नदी में समा गई है। ग्रामीणों के सामने खेती और आशियाना दोनों बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
अधिकारियों ने लिया जायजा
स्थिति की जानकारी मिलने पर एसडीएम बैरिया शशि भूषण मिश्र ने बाढ़ शरणस्थली का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची और पीड़ितों को जल्द गृह अनुदान दिलाने का भरोसा दिया।
वहीं अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एएन राय ने भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों का हाल जाना। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को प्रभावित लोगों के बीच जीवन रक्षक दवाएं, ओआरएस और ब्लीचिंग पाउडर तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लगातार हो रहे कटान से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
