वाराणसी
सड़क निर्माण में अनियमितता, दो ठेकेदारों पर केस दर्ज
वाराणसी। रामनगर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में व्यापक अनियमितता का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण में धांधली को गंभीरता से लेते हुए डूडा ने दो ठेकेदारों के खिलाफ रामनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(1) के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों ठेकेदारों पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल, विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
डूडा के निर्माण खंड-3 के अधिकारी अमर चंद गुप्ता द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि रामनगर के रामपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कानपुर की फर्म मेसर्स अवी इंफ्रोटेक को दिया गया था। फर्म को यह निर्माण कार्य 17 फरवरी 2026 तक पूरा करना था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फर्म ने न केवल निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने में लापरवाही बरती, बल्कि कराए गए निर्माण की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई। सड़क निर्माण में निम्न स्तरीय गुणवत्ता और कार्य में रुचि न दिखाने के कारण संबंधित फर्म के खिलाफ डूडा ने एफआईआर दर्ज कराई है।
रामनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर फर्म के प्रोपराइटर विनेश कुमार कुशवाहा और अंकुर कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने इसकी प्रतिलिपि डीएम और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है।
