मिर्ज़ापुर
संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर पालिका में हुई संवेदीकरण बैठक
एक जुलाई से शुरू होने वाले विशेष अभियान की तैयारियों पर हुई चर्चा
स्वच्छता, फॉगिंग और जनजागरूकता पर दिया गया विशेष जोर
मीरजापुर। संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मीरजापुर के प्रधान कार्यालय में संवेदीकरण बैठक आयोजित की गई। जिला प्रशासन, नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में सभासदों, सफाई नायकों, कर्मचारियों, मलेरिया निरीक्षक तथा उनकी टीम ने भाग लिया।
एक माह तक चलेगा विशेष अभियान
बैठक में बताया गया कि आगामी 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोगों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक कार्यवाही की जाएगी।
नियमित सफाई और एंटी-लार्वा छिड़काव के निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए सीएसआई मनोज सेठ ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सफाई कर्मियों को नियमित सफाई, नालियों की सफाई, फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव पर जोर
सीएसआई ने कहा कि वार्ड स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। साथ ही नागरिकों को अपने घरों और आसपास जलभराव न होने देने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाए।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सभासदगण, सीएमओ कार्यालय से मलेरिया निरीक्षक कृष्णकांत एवं उनकी टीम, समस्त सफाई नायक, स्वच्छता निरीक्षक तथा स्वच्छ भारत मिशन की टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
