मिर्ज़ापुर
अनियंत्रित बाइक खाई में गिरी, पिता-पुत्र समेत तीन घायल
कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी बाइक
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया गया
मीरजापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के निकरिका गांव स्थित चुड़ियां बस्ती में मंगलवार रात लगभग सवा नौ बजे एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बाइक चालक सहित उसकी पुत्री और पुत्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ में भर्ती कराया गया।
बारात में शामिल होने जा रहा था परिवार
निकरिका गांव निवासी 40 वर्षीय प्रवेश कुमार पुत्र बैजनाथ अपनी 10 वर्षीय पुत्री प्रतीक्षा और 14 वर्षीय पुत्र अतुल को बाइक पर बैठाकर पास के गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में चुड़ियां बस्ती के पास अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया।
कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए।
पुत्र-पुत्री को मामूली चोटें, पिता का इलाज जारी
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पुत्री प्रतीक्षा और पुत्र अतुल को मामूली चोटें होने के कारण घर भेज दिया।
घायल प्रवेश कुमार का चल रहा उपचार
सीएचसी राजगढ़ के प्रभारी अधीक्षक डॉ. संत लाल ने बताया कि घायल प्रवेश कुमार का उपचार किया जा रहा है। जबकि दोनों बच्चों को हल्की चोटें आने के कारण मरहम-पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई।
