Connect with us

गोरखपुर

शिवकुमार हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा, आठ आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

पुरानी रंजिश में हत्या का मामला, आरोपियों पर NSA की तैयारी; सिकरीगंज थाना प्रभारी लाइन हाजिर

गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में आठ अगस्त को बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

एसएसपी के अनुसार, हत्या वर्ष 2024 में हुई आदेश चौधरी की हत्या की पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि उस हत्याकांड में शिवकुमार त्रिपाठी के परिचितों की भूमिका थी। इसी रंजिश के चलते शिवकुमार को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।

घटना के बाद सिकरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। लगातार दबिश के बाद सात नामजद आरोपियों में छह को गिरफ्तार किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

थाना प्रभारी लाइन हाजिर

घटना के बाद थाना स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए एसएसपी ने सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हत्या और हिंसा जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page