Connect with us

वायरल

शादी से पहले खुला पांच साल का अफेयर, दरोगा ने तोड़ा रिश्ता; प्रेमी ने रचाई शादी

Published

on

Loading...
Loading...

बस्ती। जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक दरोगा की तय शादी ऐन वक्त पर टूट गई और उसी मंडप में युवती ने अपने प्रेमी के साथ सात फेरे ले लिए। कई रिश्तेदारों को इस बदलाव की जानकारी भी नहीं हो सकी की दूल्हा बदल गया है। घटना सोमवार रात की है, जब शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात निकलने ही वाली थी।

जानकारी के अनुसार, दुबौलिया थाना क्षेत्र निवासी जॉन मेजर, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं और वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं, उनकी शादी बस्ती कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से 20 अप्रैल को निर्धारित थी। शादी को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह था, निमंत्रण पत्र वितरित किए जा चुके थे और रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे। लड़के के घर बारात की तैयारियां चल रही थीं, वहीं लड़की पक्ष ने भी मैरिज हॉल सजा लिया था।

इसी बीच, मेंहदावल थाना क्षेत्र के बड़ी पट्टी निवासी सर्वेश सिंह, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे दरोगा के घर पहुंचा। उसने जॉन मेजर के परिजनों को बताया कि उसका युवती के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध है। उसने यह भी कहा कि यदि बारात लेकर आए तो वह सबके सामने इस संबंध का खुलासा कर देगा।

प्रेमी की बात सुनने के बाद दरोगा के पिता धर्मराज चौधरी, जो उत्तराखंड में राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं, उन्होंने तत्काल लड़की पक्ष से संपर्क किया और पूरी स्थिति स्पष्ट की। इसके बाद उन्होंने बारात न ले जाने का निर्णय लेते हुए विवाह संबंध तोड़ दिया।

उधर, जब लड़की पक्ष को इस घटनाक्रम की जानकारी हुई तो वहां हड़कंप मच गया। सभी तैयारियां पूरी थीं और मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान सर्वेश सिंह युवती के घर पहुंचा और उसके परिजनों को शादी के लिए राजी कर लिया। रात में वह दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुंचा और उसी मंडप में युवती के साथ विवाह संपन्न हुआ, जहां पहले दरोगा की शादी होनी थी। कई रिश्तेदारों को इस बदलाव की जानकारी भी नहीं हो सकी।

Advertisement

दरोगा के पिता धर्मराज चौधरी ने कहा कि समय रहते उन्हें युवती के प्रेम संबंध की जानकारी मिल गई, जिससे उनके बेटे का जीवन प्रभावित होने से बच गया। उन्होंने बताया कि जब युवक उनके घर आया था तो उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी थी, हालांकि बाद में कोई कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और स्वयं ही विवाह तोड़ने का निर्णय लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page