गाजीपुर
शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, भारी खेप संग सात बिहार निवासी गिरफ्तार
जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जमानियां रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं, जो शराब की खेप ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार जमानियां थाने के उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, जीआरपी दिलदारनगर के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल तथा आरपीएफ दिलदारनगर के उपनिरीक्षक नवीन कुमार की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित यात्री शेड के पास कुछ युवक भारी मात्रा में शराब लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल घेराबंदी कर सात संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 22 पिठ्ठू बैग, पांच बोरियों और चार झोलों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की। बरामद माल में कुल 498.5 लीटर बीयर शामिल है, जिसमें 500-500 मिलीलीटर की 997 केन पाई गईं। इसके अलावा 56.71 लीटर अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई, जिसमें रॉयल स्टैग और आफ्टर डार्क ब्रांड की कई बोतलें शामिल हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना निवासी अनुराग कुमार, सुमित कुमार, जितेन्द्र कुमार और शिवकुमार, सीतामढ़ी निवासी आशीष कुमार तथा नालंदा निवासी राकेश कुमार और सतीश कुमार के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और सभी आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
