भदोही
शरद पूर्णिमा पर मां शीतला ने धारण किया लक्ष्मी स्वरूप, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों से हुआ भव्य श्रृंगार, मंगला आरती के साथ देर शाम तक चला दर्शन-पूजन
मां के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, मनौती पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने चढ़ाई कड़ाही
औराई (भदोही)। विकासखंड औराई के डेरवा भवानीपुर गांव में गंगा तट पर विराजमान मां शीतला का शरद पूर्णिमा पर माता लक्ष्मी के स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन-पूजन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे। सोमवार को प्रातःकाल मंगला आरती के साथ दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा।
सुगंधित पुष्पों से सजा मां का दरबार
शरद पूर्णिमा की रात मां शीतला का रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों से माता लक्ष्मी के स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह मंगला आरती के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। दिन चढ़ने के साथ ही भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुंचे।
मां के दरबार में पूरी होती हैं मनोकामनाएं
स्थानीय मान्यता के अनुसार, गांव के लोग मां शीतला के दरबार में शीश नवाने के बाद ही अपने कार्यों की शुरुआत करते हैं। सोमवार को धाम में विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। भक्तों की आस्था है कि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना मां शीतला अवश्य पूरी करती हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु दिनभर दर्शन-पूजन करते रहे।
मनौती पूरी होने पर चढ़ाई कड़ाही
मां की कृपा से मनोकामना पूरी होने पर दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में कड़ाही चढ़ाई। प्रसाद तैयार कर मां को भोग लगाया गया और फिर उसे भक्तों में वितरित किया गया। पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा और मां के जयकारों से गांव का वातावरण गुंजायमान होता रहा।
इस अवसर पर पुजारी प्रदोष पंडा, व्यवस्थापक ओम सिंह बघेल, आशीष सिंह, ऋषि बघेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
