भदोही
अनूप मिश्रा बने भदोही के जिलाध्यक्ष, सिंटू शुक्ला को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह ने की पदाधिकारियों की नियुक्ति, नारायण कटरा स्थित कैंप कार्यालय में सौंपा नियुक्ति पत्र
भदोही। सर्व समाज जनहित पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह ने औराई विकासखंड के अमवा सुमेर पट्टी निवासी अनूप कुमार मिश्रा को भदोही जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष सिंटू शुक्ला को पदोन्नति देते हुए प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति पत्र सौंपकर दी जिम्मेदारी
रविवार को नारायण कटरा स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अनूप कुमार मिश्रा और सिंटू शुक्ला को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
पार्टी कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन का विस्तार होगा और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर धनेश पंडा, कैसर खान, प्रमोद विश्वकर्मा, रामबाबू, रमेश पाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
