गोरखपुर
विश्व रक्तदान दिवस पर शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर आयोजित
26 यूनिट रक्त संग्रहित, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
गोरखपुर। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गोरखपुर, एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (सिटी ब्रांच, गोरखपुर) एवं प्रतिभा वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 26 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदान को बताया मानवता की सबसे बड़ी सेवा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और न ही इसे किसी फैक्ट्री में तैयार किया जा सकता है। ऐसे में केवल स्वैच्छिक रक्तदाता ही जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदाता बन सकते हैं।
डॉ. शिवशंकर शाही ने रक्तदान को बताया महादान
शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शिवशंकर शाही ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है जिसमें न जाति, धर्म और न ही किसी प्रकार का भेदभाव होता है। आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता अनेक लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी स्वस्थ व्यक्तियों से नियमित रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
रक्तदाता से महान कोई नहीं: शिवाजी चंद
गगहा ब्लॉक प्रमुख एवं ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष शिवाजी चंद ने कहा कि रक्तदाता से महान कोई नहीं हो सकता। रक्तदान पूरी तरह निस्वार्थ सेवा का कार्य है, जिसमें दाता केवल मानवता की भावना से प्रेरित होकर जरूरतमंदों की मदद करता है।
रक्तदान से स्वास्थ्य पर नहीं पड़ता प्रतिकूल प्रभाव
वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा शाही ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। रक्तदान के बाद शरीर शीघ्र ही नए रक्त का निर्माण कर लेता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान के दौरान कई आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी हो जाती हैं, जिससे व्यक्ति अपने स्वास्थ्य की स्थिति के प्रति जागरूक रहता है।
एकता अग्रवाल ने मानव सेवा को बताया सर्वोच्च कार्य
प्रतिभा वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती एकता अग्रवाल ने कहा कि उनकी संस्था सदैव सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से प्राप्त होने वाला आत्मिक संतोष और मानव सेवा का अवसर किसी भी अन्य दान से बढ़कर है।
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर गगहा ब्लॉक प्रमुख शिवाजी चंद, प्रतिभा वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष एकता अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनीता अग्रवाल, शाही ग्लोबल हॉस्पिटल की निदेशिका एवं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा शाही, आईएमए गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. शुक्ला, डॉ. अमरेश सिंह, डॉ. दिनेश चंद्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
