Connect with us

गोरखपुर

विशनपुर मटियारा में जल जीवन मिशन पर भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

ओबीसी पार्टी के नेतृत्व में मार्च निकालकर की जांच और कार्रवाई की मांग

सरकारी पोर्टल के आंकड़ों और जमीनी हकीकत में विरोधाभास का आरोप

चौरी-चौरा (गोरखपुर)। चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र की विशनपुर मटियारा ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन योजना में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी आंकड़ों में विसंगतियों को लेकर वन भारत सिटीजन पार्टी (ओबीसी पार्टी) के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और योजना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में विकास कार्यों के नाम पर भारी अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए काली शंकर यदुवंशी ने कहा कि भारत सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर विशनपुर मटियारा की जलापूर्ति योजना को लगभग पूर्ण दर्शाते हुए करोड़ों रुपये खर्च होने का उल्लेख किया गया है, जबकि मौके पर पानी की टंकी अभी भी अधूरी अवस्था में खड़ी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी रिकॉर्ड में गांव के सभी 362 परिवारों को नल कनेक्शन और जलापूर्ति उपलब्ध होने का दावा किया गया है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। उनका कहना था कि अधूरी टंकी से नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति संभव नहीं है, जिससे स्पष्ट होता है कि जनता को भ्रामक आंकड़ों के माध्यम से गुमराह किया जा रहा है।

Advertisement

मुख्य अभियंता से वार्ता, निष्पक्ष जांच की मांग

काली शंकर यदुवंशी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने जल निगम के मुख्य अभियंता से वार्ता कर उन्हें गांव की वास्तविक स्थिति और पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों के बीच अंतर की जानकारी दी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अधूरी पड़ी पानी की टंकी का निर्माण शीघ्र पूरा कर गांव में सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल विशनपुर मटियारा तक सीमित नहीं है, बल्कि चौरी-चौरा विधानसभा के कई गांवों में जल जीवन मिशन की योजनाओं की स्थिति चिंताजनक है। यदि जल्द ही जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी और ग्रामीण व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page