वाराणसी
विकास के दावों की खुली पोल, पार्क में गंदगी और अव्यवस्था से परेशान लोग
वाराणसी। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत अब सवालों के घेरे में है। बेनियाबाग स्थित राजनारायण पार्क की वर्तमान स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित है, जिससे आने-जाने वालों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
पार्क में बनाए गए अंडरग्राउंड पार्किंग के ऊपर स्थापित ऊंचे झूले भी चिंता का विषय बने हुए हैं। लोगों के अनुसार, झूलों की ऊंचाई सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है और इससे किसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा, पार्क के प्रवेश द्वार पर तैनात कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि गेट पर मौजूद स्टाफ का व्यवहार ठीक नहीं है और महिलाओं के साथ भी अभद्रता की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा और नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क की साफ-सफाई व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए, झूलों की सुरक्षा की जांच कराई जाए और स्टाफ के आचरण पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर केवल दिखावे के बजाय वास्तविक सुविधाएं जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।
