गाजीपुर
वज्रपात में माता-पिता की मौत, डीएम ने बच्चों को सौंपा आठ लाख का चेक
आवास व शिक्षा में हर संभव मदद का भरोसा
डीएम ने किया ठोकर निर्माण कार्य का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश
भांवरकोल (गाजीपुर) जयदेश। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ग्राम पंचायत ज्ञानपुर पहुंचकर वज्रपात से मृत दंपति के आश्रित पुत्र रवि किशन एवं पुत्री लक्ष्मी को आपदा राहत के तहत 8 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इसके अलावा उन्होंने किसान दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये अतिरिक्त दिलाने की भी घोषणा की।जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सचिव राधेश्याम यादव को निर्देश दिया कि मृतक आश्रित बच्चों के लिए आवास की समस्त औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी कराई जाएं। उन्होंने बच्चों की शिक्षा एवं आजीविका के लिए हर संभव सहायता देने का भी आश्वासन दिया। वहीं, उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने बताया कि मृतक आश्रितों के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी कर दिया गया है, जो एक-दो दिन में उन्हें उपलब्ध करा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि गत 4 मई को आई आंधी-बारिश के दौरान ग्राम पंचायत ज्ञानपुर निवासी सुकर राजभर एवं उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी सिवान में बनी झोपड़ी में बैठे थे। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। दंपति के निधन के बाद परिवार में केवल पुत्र रवि किशन (15) एवं पुत्री लक्ष्मी (12) ही शेष बचे हैं। माता-पिता की मृत्यु के बाद बच्चों के सामने जीवन-यापन और मूलभूत आवश्यकताओं की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
इसके पूर्व जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ग्राम पंचायत शेरपुर के मुबारकपुर मल्लाह बस्ती पहुंचकर गंगा किनारे हो रहे ठोकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने देवकली पंप नहर निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता आर.पी. चौधरी को निर्देशित किया कि बरसात शुरू होने से पूर्व गुणवत्ता एवं मानक के अनुरूप निर्माण कार्य समय से पूरा कराया जाए। इस दौरान मल्लाह बस्ती निवासी वीरेंद्र निषाद सहित अन्य ग्रामीणों ने गंगा किनारे पक्का सीढ़ीदार घाट बनवाने की मांग भी उठाई।
उल्लेखनीय है कि गंगा कटान रोकने के उद्देश्य से मुबारकपुर मल्लाह बस्ती के पास लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से ठोकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, अधिशासी अभियंता आर.पी. चौधरी, सहायक अभियंता सुबोध कुमार, अवर अभियंता रघुनंदन कुमार, विवेक चौरसिया सहित ग्रामीण सुरेश निषाद, सिगरचन आदि उपस्थित रहे।
