गाजीपुर
झाड़-फूंक कराने आई युवती की सोहराब बाबा मजार पर संदिग्ध परिस्थिति में मौत, शव छोड़ फरार हुई बहन
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। थाना क्षेत्र के धरवां गांव स्थित सोहराब बाबा के मजार पर बीते गुरुवार को झाड़-फूंक कराने आई 22 वर्षीय एक अज्ञात युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद उसको साथ लेकर आई कथित बहन शव छोड़कर मौके से फरार हो गई। जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। सूचना पर पहुंची नंदगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच तथा शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम एक महिला अपनी 22 वर्षीय बीमार बहन को झाड़-फूंक कराने के लिए सोहराब बाबा के मजार पर ले आई थी। इसी दौरान बीमार बहन की मौत हो गई। मौत के बाद साथ आई महिला द्वारा शव छोड़कर भाग जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मृतका वास्तव में उसकी बहन थी, तो वह शव छोड़कर क्यों फरार हुई?
इस संबंध में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने हमारे संवाददाता को बताया कि सीसीटीवी फुटेज से मृतका के साथ आई बहन का पता लगाया गया तो उसका नाम उर्मिला बताया गया। पूर्व में उसका परिवार खानपुर थाना क्षेत्र के बहुरा गांव में रहता था। इनके माता-पिता का बहुत पहले देहांत हो चुका है। संभवतः ये अपनी छोटी बहन के साथ सैदपुर में कहीं झोपड़ी बनाकर रहती है।
उर्मिला नामक महिला ही अपनी बीमार बहन को झाड़-फूंक कराने हेतु धरवां स्थित सोहराब बाबा के मजार पर गुरुवार को ले आई थी। बहन की मौत हो जाने पर शव छोड़कर चली गई। इस समय उर्मिला कहां है? पुलिस उसकी खोज कर रही है। उसके मिलने के बाद ही मृतका के बारे में नाम आदि की पूरी जानकारी मिल पाएगी। समाचार भेजते समय तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है। पुलिस मृतका का शव मर्चरी हाउस में रखवाकर उसकी पहचान का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि सोहराब बाबा के मजार पर भूत-प्रेत बाधा एवं विभिन्न बीमारियों से पीड़ित महिला-पुरुषों का जमावड़ा लगा रहता है। विशेष रूप से प्रत्येक गुरुवार को यहां भारी भीड़ उमड़ती है। भूत-प्रेत से पीड़ित लोग दूर-दराज से यहां आते रहते हैं। प्रत्येक गुरुवार को यहां पर मेले जैसा दृश्य हो जाता है।
