गोरखपुर
लोन की प्री-पेमेंट राशि गबन करने के आरोप में दो गिरफ्तार
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने भेजा जेल
474 खातों से करीब ₹7.90 लाख के गबन का आरोप, उरुवा बाजार पुलिस की कार्रवाई
गोरखपुर। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उरुवा बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी और विश्वासघात के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फाइनेंस कंपनी के ग्राहकों से लोन की प्री-पेमेंट राशि लेकर गबन करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक उरुवा बाजार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना उरुवा बाजार में दर्ज मुकदमा संख्या 299/2025 के तहत धनंजय कुमार मद्धेशिया और इंद्रजीत कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड की उरुवा शाखा में कार्यरत संगम मैनेजर धनंजय कुमार मद्धेशिया और कर्मचारी इंद्रजीत कुमार पर ग्राहकों से लोन की प्री-पेमेंट राशि लेने के बाद उसे कंपनी के खाते में जमा न कर गबन करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि धनंजय ने 474 खातों से ₹7,90,800, जबकि इंद्रजीत ने ₹61,262 का गबन किया।
मामले में कंपनी की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में धनंजय कुमार मद्धेशिया निवासी निचलौल, जनपद महराजगंज तथा इंद्रजीत कुमार निवासी हाटा, जनपद कुशीनगर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इंद्रजीत के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी का एक मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश सिंह, कांस्टेबल श्रवण कुमार और अनिकेत यादव की टीम ने की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
