गोरखपुर
लाखों खर्च फिर भी प्यासे ग्रामीण, पानी की टंकी बनी टापू
रौजा दरगाह में एक साल पहले बिछी पाइपलाइन, अब तक शुरू नहीं हुई जलापूर्ति; टंकी तक पहुंचने का रास्ता भी नहीं
बेलघाट/गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला तहसील क्षेत्र के विकासखंड उरुवा की ग्राम पंचायत रौजा दरगाह में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी ग्रामीणों के लिए सफेद हाथी साबित हो रही है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। गांव में पाइपलाइन बिछे करीब एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। हालत यह है कि पानी की टंकी तक पहुंचने के लिए रास्ता तक नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है, वहां पहले मिट्टी निकाल लिए जाने के कारण गड्ढा बन गया था, जिसमें हमेशा पानी भरा रहता था। ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद उसी स्थान पर टंकी का निर्माण करा दिया गया। यह स्थान गांव के निचले हिस्से में होने के कारण बारिश के दिनों में यहां जलभराव की स्थिति बनी रहती है। वर्तमान में भी टंकी के चारों तरफ पानी भरा हुआ है, जिससे वह टापू जैसी दिखाई दे रही है।
ग्राम प्रधान परमजीत ने बताया कि ग्राम पंचायत में टंकी के लिए दूसरी उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं थी। जिस जमीन पर टंकी बनी, वहां पहले से जलभराव की समस्या थी। इसकी जानकारी जल निगम के अधिकारियों को दी गई थी और टंकी तक रास्ता नहीं होने की बात भी बताई गई थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि टंकी बनने के बाद रास्ते की व्यवस्था कर दी जाएगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास निजी जमीनों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं और मिट्टी की पटाई होने से टंकी की बाउंड्री के आसपास गड्ढेनुमा स्थिति बन गई है। ऐसे में टंकी तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से टंकी तक पक्का रास्ता बनवाने और जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
