Connect with us

गाजीपुर

लखनऊ अग्निकांड के बाद गाजीपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मान्यता संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच की मांग

अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी से बड़े हादसे की आशंका, प्रशासन से कार्रवाई की अपील

नंदगंज (गाजीपुर)। लखनऊ स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुई अग्निकांड की घटना के बाद जनपद गाजीपुर में भी कोचिंग संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और अन्य संस्थानों की व्यापक जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

बिना मान्यता के संचालित हो रहे अनेक कोचिंग सेंटर

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के विभिन्न कस्बों, बाजारों और चट्टी-चौराहों पर बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। इनमें से कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर बेसमेंट में भी कोचिंग और अन्य गतिविधियां संचालित होने की चर्चा है।

Advertisement

अधिकांश संस्थानों में नहीं हैं पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम

लोगों का आरोप है कि कई कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी नहीं हो रहा मानकों का पालन

ग्रामीण अंचलों में भी बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान बिना पंजीकरण और आवश्यक मानकों के संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिले में शायद ही कोई ऐसा कस्बा या बाजार हो, जहां कई कोचिंग सेंटर बिना पर्याप्त निगरानी के संचालित न हो रहे हों।

मान्यता, भवन सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की हो समीक्षा

लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की मान्यता, भवन की स्थिति तथा अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई जाए। साथ ही बिना मान्यता प्राप्त संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page