Connect with us

गाजीपुर

रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर डीआरएम वाराणसी से चार प्रमुख मांगें

Published

on

Loading...
Loading...

सर्वदलीय समिति ने भेजा ज्ञापन, यात्रियों की सुविधाओं पर जोर

अंडरपास, सड़क मरम्मत, पेयजल और ट्रेनों के ठहराव की मांग

जखनियां (गाजीपुर)। सर्वदलीय तहसील विकास एवं जन कल्याण संघर्ष समिति, जखनियां ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी को ज्ञापन भेजकर जखनियां रेलवे स्टेशन की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। समिति का कहना है कि पूर्व में भी इन मुद्दों को रेलवे प्रशासन के समक्ष उठाया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने बताया कि स्टेशन के उत्तरी छोर पर पुरानी केबिल के पास दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए अंडरग्राउंड अंडरपास का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में रेलवे लाइन पार करने में बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि जखनियां बाजार रेलवे लाइन के दोनों ओर विस्तारित है तथा स्टेशन के आसपास तहसील मुख्यालय, सीएचसी, ब्लॉक कार्यालय, ग्राम न्यायालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय, विद्युत उपकेंद्र, कोतवाली एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय स्थित हैं, जिससे आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाती है।

Advertisement

ज्ञापन में स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में रेलवे द्वारा निर्मित सड़क की मरम्मत कराने की भी मांग की गई है। समिति का कहना है कि सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।

इसके अलावा स्टेशन परिसर में स्थायी पानी की टंकी स्थापित करने की मांग करते हुए कहा गया है कि पेयजल की कमी से शौचालयों की सफाई प्रभावित होती है और यात्रियों को भी असुविधा होती है।

समिति ने जखनियां रेलवे स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि यह क्षेत्र धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और सिद्धपीठ भुड़कुड़ा, हथियाराम मठ सहित कई प्रमुख स्थलों से जुड़ा हुआ है। साथ ही यह क्षेत्र परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद और महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय जैसे वीर सपूतों की धरती भी है।

समिति ने डीआरएम से जनहित में सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपील की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page