गोरखपुर
राप्ती नदी में मछली पकड़ते समय दो युवक डूबे, एक लापता
साथी ने जान जोखिम में डालकर एक युवक को बचाया, तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण
महावीर छपरा, गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार इलाके में शुक्रवार शाम राप्ती नदी में मछली पकड़ते समय दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस दौरान तीसरे साथी ने नदी में छलांग लगाकर एक युवक को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने देर शाम तक लापता युवक की तलाश की।
मछली पकड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भौवापार निवासी अंश निषाद (18) पुत्र उत्तम निषाद, निवेश निषाद (19) पुत्र राजकुमार निषाद और सिद्धांत निषाद (19) पुत्र राजन निषाद शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे महोब बेला बांध के पास राप्ती नदी में मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान अंश और निवेश नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे।
साथी ने नदी में लगाई छलांग
दोनों को डूबता देख सिद्धांत निषाद ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उसने निवेश निषाद को बाहर निकाल लिया। इस दौरान सिद्धांत की हालत भी बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, अंश निषाद पानी में बह गया और उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस और प्रशासन ने चलाया तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। तहसीलदार सत्य प्रकाश गुप्ता ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया। देर शाम तक अंश का कोई सुराग नहीं मिल सका था। नदी किनारे परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
नदी में उतरते समय सावधानी बरतने की अपील
स्थानीय लोगों के मुताबिक, राप्ती नदी के कई हिस्सों में अचानक गहराई बढ़ जाती है। ऐसे में नदी में मछली पकड़ने या उतरने के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
