गाजीपुर
राज्य कर्मचारी खिलाड़ियों के जिला स्तरीय ट्रायल 13 अगस्त को
नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 10 बजे से होगा चयन, सरकारी कर्मचारियों को ही मिलेगा मौका
गाजीपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय गाजीपुर की ओर से राज्य कर्मचारी महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के विभिन्न खेलों में जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल 13 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोराबाजार के परिसर में होंगे।
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा मौका
जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि सिविल सर्विसेज के चयन एवं ट्रायल में स्वायत्तशासी संस्थाओं, परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी भाग नहीं ले सकेंगे। शिक्षक एवं सहायक शिक्षक भी इस चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे।
साथ लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल में प्रतिभाग करने के इच्छुक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी कर्मचारियों को अपने विभाग से प्राप्त आदेश की प्रति, विभागीय आईडी और जन्मतिथि प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। सभी प्रतिभागियों को सुबह 10 बजे जिला खेल कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
