गाजीपुर
छात्रवृत्ति आवेदन की तिथियां जारी
11 अगस्त से शुरू होगी प्रक्रिया
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को मिलेगा अवसर, नवीनीकरण के लिए 25 अगस्त और नए आवेदन के लिए 21 सितंबर तक समय
गाजीपुर। वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
नवीनीकरण के लिए 25 अगस्त तक आवेदन
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज के अनुसार नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक चलेगी। वहीं नवीन विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा।
विद्यालयों को भी तय समय में करना होगा सत्यापन
ऑनलाइन आवेदन के बाद विद्यालयों द्वारा नवीनीकरण वाले आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 11 अगस्त से 30 अगस्त तक किया जाएगा। नए आवेदनों का सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित किया गया है।
वेबसाइट पर कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
