बलिया
रसोइये पर चाकू से हमले में अहम सुराग
CCTV में दिखे तीन संदिग्ध
मिठाई बनाने के बहाने बुलाकर किया था हमला, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
बांसडीह (बलिया)। सेरिया-बघाव मोड़ पर रसोइये मुन्ना प्रसाद माली पर चाकू से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पीड़ित के परिजनों ने फुटेज देखकर संदिग्धों की पहचान किए जाने का दावा किया है।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि मुन्ना प्रसाद को मिठाई बनाने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद हमलावरों ने उन पर दो दर्जन से अधिक बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल मुन्ना का एक पैर सुन्न हो गया है।
घटना के बाद घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों की तलाश
प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अलावा वारदात में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की लोकेशन का पता लगा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
