Connect with us

भदोही

योग से निरोग, देश की तरक्की में सहयोग का संदेश लेकर निकली साइकिल यात्रा

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही साइकिलिंग क्लब के महा-अभियान में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश

गोपीगंज। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से जागरूकता साइकिल यात्रा निकाली गई। पर्यावरण योद्धा व ‘साइकिल मैन भदोही’ अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों को साइकिल चलाने, ईंधन बचाने, पौधरोपण और योग-व्यायाम के प्रति जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़े चौराहे से शुरू हुई साइकिल यात्रा लाई बाजार, पड़ाव, कांजी हाउस, झिलियापुल, शहीद तिराहा और काली देवी होते हुए मिर्जापुर रोड स्थित विहान बालिका आवासीय विद्यालय पहुंची। विद्यालय पहुंचने पर वार्डन सारिका श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षिकाओं और छात्राओं ने पुष्पवर्षा व करतल ध्वनि के साथ साइकिल यात्रियों का स्वागत किया।

इस दौरान वार्डन सारिका श्रीवास्तव ने कहा कि व्यस्त जीवनशैली में लोग अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से गृहणियों और युवाओं से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग और व्यायाम के लिए समय निकालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार और कार्यक्षेत्र में बेहतर योगदान दे सकता है। हरी झंडी दिखाकर उन्होंने यात्रा को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया और स्वयं भी साइकिल लेकर इसमें शामिल हुईं।

इसके बाद यात्रा मिर्जापुर रोड और ककराही के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। इस दौरान ‘साइकिल चलाएं, ईंधन बचाएं’, ‘वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ’ और ‘करो योग, रहो निरोग’ जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ प्रतिभागियों ने स्वस्थ और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक समाज बनाने का संकल्प लिया। यात्रा का समापन पुनः विहान बालिका आवासीय विद्यालय में हुआ।

Advertisement

अभियान में प्रवीण श्रीवास्तव, इंद्रजीत सिंह, उजाला, निधि, दृष्टि, लवली, अंकिता, काजल, जिज्ञासा, खुशबू, पलक, कनकलता, नंदनी, साधना, विनोद सिंह फौजी, विष्णु कांत पांडेय, बनारसी बिंद, प्रमोद मौर्या, राजीव जायसवाल, जगदीश यादव, जिगर गुप्ता, रितिक कनौजिया सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page