जौनपुर
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता में भर्ती, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
जौनपुर।कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने शनिवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिससे करोड़ों अभ्यर्थियों का करियर प्रभावित हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती बेरोजगारी के कारण शिक्षित युवा वर्ग में निराशा का माहौल है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और युवाओं को समयबद्ध तरीके से रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. सिंह ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने सरकार के दावों को जमीनी हकीकत से अलग बताया और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रेस वार्ता में उन्होंने अयोध्या से जुड़े कथित वित्तीय एवं सुरक्षा मामलों का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने भी विभिन्न जनहित के मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष (संगठन प्रभारी) राकेश मिश्रा, लाल प्रकाश पाल, इरशाद खान राजू, सभासद शहनवाज मंजूर, दिवाकर मौर्य, ओमकार यादव, राजकुमार गुप्ता, ललित चौरसिया, मोहम्मद ताहिर, तौफीक अहमद राजू, मोहम्मद अर्शी, आदिल साद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
