Connect with us

गाजीपुर

युवक की हत्या का खुलासा, गोमती पुल से धक्का देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र सिंह एवं उप निरीक्षक सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ थाना कोतवाली में पंजीकृत मु0अ0सं0 982/2025, धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त सदानन्द कुशवाहा पुत्र जगदीश कुशवाहा को मुखबिर की सूचना पर छपरी रेलवे क्रासिंग से सुखदेवपुर की ओर मऊ जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के दौरान घटना में प्रयुक्त दो सिम कार्ड, एक मोबाइल फोन तथा जियो कंपनी का एक सिम कार्ड (मृतक का) बरामद किया गया। बरामद साक्ष्यों के आधार पर उक्त मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त सदानन्द कुशवाहा पुत्र जगदीश कुशवाहा, निवासी नुरुद्दीनपुरा नई सब्जी मंडी, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर, उम्र लगभग 22 वर्ष है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 12 नवंबर 2025 की रात वह अपने घनिष्ठ मित्र नीरज गुप्ता पुत्र अमरनाथ गुप्ता, निवासी मोहल्ला मिश्रबाजार, थाना कोतवाली गाजीपुर को लेकर अपने साथी सूरज गुप्ता निवासी विशुनपुर, गाजीपुर की इर्टिगा कार से राहुल कुशवाहा पुत्र श्यामजी कुशवाहा तथा शेरू खान पुत्र अज्ञात, निवासी नुरुद्दीनपुरा, थाना कोतवाली गाजीपुर के साथ वाराणसी घूमने के लिए निकला था। अभियुक्त के अनुसार वे वाराणसी नहीं गए और कैथी टोल प्लाजा से पहले ही वापस लौट आए। जब वे गोमती नदी पुल पर पहुंचे तो नीरज ने वहीं फोटो खिंचवाने की बात कही, जिस पर सभी लोग पुल पर रुके और पैदल दूसरी ओर चले गए।

अभियुक्त ने बताया कि फोटो खिंचवाते समय आपसी कहा-सुनी हो गई, क्योंकि उस समय उसे छोड़कर बाकी सभी लोग शराब पीए हुए थे। इसी विवाद के दौरान अभियुक्त ने राहुल कुशवाहा और शेरू खान के साथ मिलकर रात करीब एक बजे नीरज को पुल से धक्का दे दिया, जिससे वह गोमती नदी में गिर गया। अभियुक्त के अनुसार उसने अपने मोबाइल से फोटो खींची थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। नीरज का मोबाइल उसके पास ही रह गया था, जिससे घर लौटकर उसने सिम निकाल लिया और मोबाइल तोड़कर कूड़ेदान में फेंक दिया।

अभियुक्त के आपराधिक इतिहास में थाना कोतवाली गाजीपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 982/2025, धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस का मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र सिंह तथा उप निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर, पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page