मिर्ज़ापुर
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के 28 लाभार्थियों को मिले चयन पत्र
डेयरी कॉन्क्लेव में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर, दो स्वदेशी गायों की डेयरी पर 80% तक अनुदान
मिर्जापुर। किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में बुधवार को डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत 28 लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित किए गए। इनमें 14 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को बताया गया कि योजना के तहत दो स्वदेशी गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्नत नस्ल के पशुपालन, पशु रोगों की रोकथाम, डेयरी प्रबंधन और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
नंदबाबा दुग्ध मिशन के नोडल अधिकारी मनोज दुबे ने कहा कि प्रदेश सरकार गो-संवर्धन और गो-पालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक होगी।
कार्यक्रम में डीसी मनरेगा श्वेतांक सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी संदीप सिंह तथा बीएचयू के पशु विज्ञान एवं पशु संकाय विभाग के प्रोफेसर धनंजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे। उन्होंने आधुनिक डेयरी प्रबंधन अपनाकर पशुपालन को लाभकारी बनाने पर बल दिया।
