बलिया
मुंडन संस्कार से लौट रहे अधेड़ की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे अविनाश कुमार
परिजनों ने जिला अस्पताल में उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप
फेफना (बलिया)। थाना क्षेत्र के खोरी पाकड़ गांव के सामने सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल में उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार माल्देपुर गांव निवासी अविनाश कुमार (48), पुत्र स्वर्गीय डॉ. राजकिशोर प्रसाद, अपने परिवार के साथ खोरी पाकड़ गंगा घाट पर आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय मुख्य मार्ग पार करते समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के छोटे भाई सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के समय अविनाश कुमार की सांसें चल रही थीं, लेकिन इमरजेंसी में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि उपचार में देरी हुई और अस्पताल कर्मी उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान भेजते रहे, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, सड़क हादसे और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
