Connect with us

आजमगढ़

मां शीतला धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दर्शन को दिनभर लगी श्रद्धालुओं की कतार

Published

on

Loading...
Loading...

जय माता दी के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, हजारों भक्तों ने की पूजा-अर्चना

निजामाबाद के भैरोपुर स्थित प्राचीन शक्तिपीठ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

निजामाबाद (आजमगढ़)। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर पश्चिम स्थित निजामाबाद क्षेत्र के भैरोपुर ग्रामसभा में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला धाम में शुक्रवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और पूरे दिन दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर जय माता दी के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं ने मां शीतला का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर हलुआ-पूड़ी का भोग लगाया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं मनोकामना पूर्ति की कामना की। कई भक्तों ने मनौती पूर्ण होने पर परंपरा के अनुसार कढ़ाई भी चढ़ाई।

करीब तीन सौ वर्ष पुराना है मां शीतला धाम

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां शीतला को रोगों से रक्षा और आरोग्यता प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। चेचक, खसरा सहित विभिन्न संक्रामक रोगों से परिवार की सुरक्षा और निरोग जीवन की कामना लेकर श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं।

Advertisement

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार करीब तीन सौ वर्ष पुराने इस मंदिर को शक्तिपीठ स्वरूप माना जाता है। जनश्रुतियों में इस स्थान को मां की दिव्य शक्ति से जुड़ा बताया गया है। नवरात्र सहित वर्षभर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रहती है। मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन होता है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस रही अलर्ट

मंदिर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर निगरानी बनाए रखी।

चार पहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित कर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु रखा गया। पुलिस कर्मियों की सतर्कता के चलते दर्शन व्यवस्था पूरे दिन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनी रही।

दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में माथा टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। भक्तों का विश्वास है कि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना मां शीतला अवश्य पूर्ण करती हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page