आजमगढ़
जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) निर्माण के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न
हरिऔध कला केंद्र में अधिकारियों को दिए गए डेटा संकलन एवं सत्यापन के गुर, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर
एडीएम गंभीर सिंह बोले— जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य, प्रशिक्षण में मिली जानकारी का पूरी निष्ठा से करें उपयोग
आजमगढ़।जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के निर्माण कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डेटा संकलन, सत्यापन और समयबद्ध कार्य निष्पादन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य है तथा जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का समुचित अध्ययन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को पूरी शुद्धता, गुणवत्ता और गंभीरता के साथ पूरा करें।
एडीएम ने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी कार्य के सफल क्रियान्वयन की आधारशिला होता है। इसके माध्यम से नवीन प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी मिलती है। इसलिए सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान का उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के विभिन्न अध्यायों के संकलन, आंकड़ों के स्रोत, डेटा संकलन की प्रक्रिया, अभिलेखों के सत्यापन तथा निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर समस्त उप जिला जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), जनगणना बाबू, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (NIC), अपर जिला जनगणना अधिकारी सहित जनगणना कार्य से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
