Connect with us

गाजीपुर

महादेव के दर्शन को निकले तीन दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

औड़िहार हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तीसरा युवक गंभीर; एक घर में नवजात बेटी तो दूसरे में आने वाली थी संतान

औड़िहार (गाजीपुर)। मारकंडेय महादेव धाम में जलाभिषेक के लिए निकले तीन दोस्तों की बाइक रविवार देर रात औड़िहार के पास हाईवे पर ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कराया है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

टर्न लेते समय सामने से आए ट्रक से टकराई बाइक

उचौरी गांव निवासी लालू यादव (25), आकाश यादव (25) और राजू यादव (27) एक ही बाइक से मारकंडेय महादेव धाम में जलाभिषेक करने जा रहे थे। बताया गया कि औड़िहार के पास हाईवे पर बाइक मोड़ते समय सामने से आ रहे ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सैदपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश यादव और राजू यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लालू यादव की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।

नवजात बेटी के पिता थे राजू

हादसे ने राजू यादव के परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। उनकी पत्नी प्रीति ने करीब 10 दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया था। परिवार में नवजात के आने की खुशियां अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थीं कि राजू की मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। नवजात बेटी के सिर से महज कुछ दिनों में ही पिता का साया उठ गया।

Advertisement

गर्भवती पत्नी को छोड़ गया आकाश

वहीं, आकाश यादव तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी आरती गर्भवती है और आने वाले महीनों में बच्चे का जन्म होना था। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।

ट्रक और चालक पुलिस हिरासत में

सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक और चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page