गाजीपुर
श्रावण महोत्सव में दिखी सनातन संस्कृति और राष्ट्रसेवा की झलक
कान्हा हवेली में आयोजित कार्यक्रम में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
भाजपा नेताओं और संतों ने भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के संयोजन में रविवार को नगर स्थित कान्हा हवेली में भव्य श्रावण महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की। महोत्सव में सनातन संस्कृति, अध्यात्म, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा की झलक देखने को मिली।
श्रावण त्याग और लोकमंगल का संदेश देता है
मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमाओं से बना राष्ट्र नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से निर्मित है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के साथ त्याग, तपस्या, संयम और लोकमंगल की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसे कार्य राष्ट्रीय गौरव को नई ऊर्जा दे रहे हैं।

शिव का चरित्र सेवा और त्याग की प्रेरणा
महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 कृपानंद जी महाराज ने श्रावण मास के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान शिव का जीवन समाज और सृष्टि के कल्याण की प्रेरणा देता है। शिव के मस्तक का चंद्रमा शीतलता, जटाओं की गंगा पवित्रता और विषपान त्याग एवं लोकमंगल का प्रतीक है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि सावन प्रकृति और अध्यात्म के समन्वय का पर्व है। भगवान शिव की आराधना मनुष्य को संयम, धैर्य और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
वैश्य समाज की भूमिका पर भी चर्चा
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने वैश्य समाज की सामाजिक और आर्थिक भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज ने व्यापार के साथ सेवा, दान, धर्म और सामाजिक सरोकारों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के आयोजक ओमप्रकाश गुप्ता ने अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और माल्यार्पण कर स्वागत किया। संचालन माया साहू ने किया। कार्यक्रम में भानुप्रताप सिंह, सुनील सिंह, बृजेंद्र राय, प्रो. शोभनाथ यादव, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, राजेश राजभर, आरके गुप्ता, लालजी गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
