गाजीपुर
मतदेय स्थलों के समायोजन बैठक में सपा ने रखी निष्पक्ष प्रक्रिया की मांग
जखनियां विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव ‘राजू’ बोले- मतदाताओं की सुविधा और पारदर्शिता से न हो समझौता
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जखनियां विधानसभा (373) अध्यक्ष अवधेश यादव ‘राजू’ ने सोमवार को तहसील सभागार, जखनियां में आयोजित मतदेय स्थलों के समायोजन (रैशनलाइजेशन) संबंधी बैठक में पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने मतदान केंद्रों के समायोजन की प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और मतदाताओं की सुविधा के अनुरूप संचालित किए जाने पर जोर दिया।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहनी चाहिए’
बैठक के दौरान अवधेश यादव ने कहा कि मतदान केंद्रों का समायोजन इस प्रकार किया जाए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता हर परिस्थिति में बरकरार रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, जनता के अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के पक्ष में हमेशा खड़ी रही है तथा आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
मतदाता सूची संबंधी समस्याओं की जानकारी मांगी
सपा विधानसभा अध्यक्ष ने जखनियां विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, तो वे अगले दो दिनों के भीतर संबंधित मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) संख्या एवं क्रमांक उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रिया के माध्यम से पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।
