गोरखपुर
मछली बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद, महिला की मौत
जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गोरखपुर | गोला थाना क्षेत्र के चिलवा गांव में मछली बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चिलवा गांव निवासी रेनू देवी (40), पत्नी पप्पू, का गुरुवार रात अपने पति से घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि मछली बनाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था।
महिला की हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिवार में 18 वर्षीय बेटी प्रीति और 15 वर्षीय पुत्र अमन हैं। रेनू देवी की शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व हुई थी।
सूचना पर पहुंची गोला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी. पांडेय ने बताया कि महिला की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
