जौनपुर
भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय, सुबह 7 से 11:30 बजे तक कक्षाएं संचालित
जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश, बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
जौनपुर।जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से संशोधन किया है।
जारी आदेश के अनुसार शनिवार से अग्रिम आदेश तक सभी विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किया जाएगा। वहीं परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
गौरतलब है कि ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालयों के संचालन को लेकर पूर्व में भी गर्मी के कारण अस्थायी रूप से बदलाव किया गया था। तेज धूप और लू के कारण विद्यार्थियों की उपस्थिति पर भी प्रभाव देखा जा रहा था।
जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें अत्यधिक गर्मी से राहत मिल सके और वे सुरक्षित वातावरण में अध्ययन कर सकें।
इस निर्णय का अभिभावकों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि सुबह के समय विद्यालय संचालन से बच्चों को राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई भी सुचारु रूप से जारी रह सकेगी।
