बलिया
भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन मजबूत करने पर जोर
बूथ संगठन ही चुनावी जीत की नींव, कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत: देवेंद्र सिंह
रसड़ा (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष (आजमगढ़) देवेंद्र सिंह ने बूथ संगठन को पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में जीत का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है और बूथ स्तर पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा वर्ष 2027 के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से संगठन के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पूर्व सांसद बब्बन राजभर, महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरी जी महाराज, नलिनेश सिंह (कर्नल साहब), इंद्रजीत सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष संदीप सोनी, मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा, अरुण भारती, अविनाश सिंह, निखिल त्रिपाठी तथा प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेमचंद सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री हिमांशु प्रताप सिंह ने किया। सम्मेलन के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
