गाजीपुर
बेटी की विदाई के कुछ घंटों बाद टूटा दुखों का पहाड़, आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सामान समेटते समय हुआ हादसा
भीमापार (गाजीपुर)। सैदपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। बेटी की शादी और विदाई के बाद घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार जगदीशपुर निवासी पन्नालाल राम (50) पुत्र स्व. श्यामलाल राम की पुत्री करीना की शादी शुक्रवार को संपन्न हुई थी। शनिवार सुबह बेटी की विदाई के बाद पन्नालाल बारातियों के लिए लगाए गए टेंट एवं अन्य सामान को समेटने में जुटे थे।
बारिश के दौरान गिरी बिजली, मौके पर हुई मौत
इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से सामान बचाने के प्रयास में पन्नालाल बाहर रखे सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसान की मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी गीता देवी, पुत्र विशाल सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
ग्रामीणों के अनुसार पन्नालाल मेहनती एवं मिलनसार किसान थे। वह खेती-बाड़ी और पशुपालन के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
भीमापार चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसान की मृत्यु आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
