वाराणसी
बीएचयू अस्पताल में नवजात का शव मिलने का मामला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
परिसर में कुत्ता लेकर घूमता रहा नवजात का शव
वाराणसी | काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार रात एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई। बाल रोग विभाग के पास एक कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में लेकर पूरे परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
कुछ देर बाद कुत्ता शव को ईएनटी विभाग के पास स्थित मंदिर के समीप सड़क पर छोड़कर चला गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
अस्पताल परिसर में ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी और अन्य स्थानों पर 50 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था होने के बावजूद इस घटना के सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हो गई हैं।
यह मामला अस्पताल की निगरानी प्रणाली और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला शुरुआती सुराग
शुक्रवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। शुरुआती फुटेज में कुत्ता इमरजेंसी विभाग की ओर से परिसर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दिया है।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात को परिसर में किसने और कब छोड़ा। विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।

प्रशासन ने शुरू की जांच
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और सुरक्षा कर्मियों को निगरानी और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की शिनाख्त की प्रक्रिया
लंका पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जांच जारी, कई सवाल अनुत्तरित
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात को अस्पताल परिसर में किसने छोड़ा और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। पुलिस और प्रशासन दोनों स्तर पर जांच जारी है।
