गाजीपुर
बाल सुधार गृह का जिला जज और एसपी ने किया औचक निरीक्षण
बैरकों की सघन तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखी, किशोरों से बातचीत कर जानी समस्याएं
गाजीपुर। जिला जज और पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को राजकीय संप्रेषण गृह किशोर (बाल सुधार गृह) का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए बैरकों की सघन तलाशी कराई।
निरीक्षण के दौरान पूरे परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी गई। अधिकारियों ने बाल सुधार गृह में रह रहे किशोरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। किशोरों से बातचीत के दौरान उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया गया।
जिला जज और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किशोरों के स्वास्थ्य और खान-पान पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अधिकारियों ने कहा कि बाल सुधार गृह में सुरक्षा के साथ-साथ किशोरों की मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
