गाजीपुर
बालगृह से एक साथ दो बालक गायब
एक माह के अंदर दूसरी घटना से मचा हड़कंप, मामला संवेदनशील
भीमापार (गाजीपुर)। जिले के सादात थाना क्षेत्र के मखदुमपुर के पास स्थित बड़ागांव में संचालित पंडित भोलानाथ मिश्र बालगृह (बालक) से एक माह के भीतर दूसरी बार बालकों के फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद संस्था के अधीक्षक ने थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है। इस बार एक साथ दो बालक गायब हुए हैं। एक माह में कुल तीन बालकों के लापता होने से मामला संवेदनशील हो गया है।
पहली घटना बीते 5 दिसंबर की है, जब एक बालक संस्था से गायब हो गया था। इस संबंध में 11 दिसंबर को अधीक्षक द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी। वहीं दूसरी घटना 27 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई, जब दो बालक अचानक संस्था से लापता हो गए।
अधीक्षक के अनुसार, वाराणसी से लाया गया लगभग 13 वर्षीय एक बालक और 16 वर्षीय दूसरा बालक एक साथ बालगृह से भाग गए। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ओमप्रकाश सिंह ने जब दोनों बालकों के न मिलने की सूचना दी, तो संस्था में हड़कंप मच गया। तत्काल आसपास के क्षेत्रों में उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके बाद अधीक्षक ने 29 दिसंबर को सादात थाने में तहरीर देकर दोनों बालकों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
